मिलकर काम करेंगे कामधेनु विश्वविद्यालय एवं इंडियन बायलर ग्रुप   

दुर्ग-    

 प्रदेश के एकमात्र पशुचिकित्सा विश्वविद्यालय दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग एवं देश की दूसरी सबसे बड़ी एनिमल प्रोटीन प्रोडक्शन करने वाली कंपनी इंडियन बायलर ग्रुप के साथ एमओयू का नवीनीकरण किया गया।  राजनांदगांव में इंडियन बायलर ग्रुप द्वारा आयोजित नवाचार कार्यक्रम में निदेशक विस्तार शिक्षा एवं पशुचिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता  डॉ. संजय शाक्य, संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. जी.के.दत्ता तथा आईबी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर बहादुर अली, आईबी ग्रुप के प्रेसिडेंट डॉ.आर.के. जायसवाल उपस्थित थे। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.आर.आर.बी.सिंह ने इस अनुबंध के विषय में कहा कि आईबी ग्रुप के रिसर्च और डाटाके आधार पर विश्वविद्यालय में कुक्कुट एवं पशुधन संवर्धन के लिए नए अनुसंधान किए जाने में मदद मिलेगी।  यह एमओयू न केवल छात्र-छात्राओं अपितु विश्वविद्यालय एवं प्रदेश के किसानों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा। भविष्य में भी विश्वविद्यालय एवं आईबी ग्रुप परस्पर छात्रो एवं पशुपालकों के हित में कार्य करते रहे इसी उद्देश्सथ यह अनुबंध का नवीनीकरण किया गया है।         
        अधिष्ठाता डॉ. संजय शाक्य ने बताया कि आईबी ग्रुप एनिमल प्रोटीन प्रोडक्शन के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है इस अनुबंध से छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्लेटफार्म मिलेगा।  संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. जी.के. दत्ता* ने बताया कि आईबी ग्रुप भारत में एनिमल प्रोटीन लीडर के रूप में जाना जाता है। यह ग्रुप पोल्ट्री, खाद्य तेल, पशुधन फीड, सॉल्वेंट और प्रोसेस्ड प्रोटीन जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रहा है तथा यह किसानों, व्यापारियों को सशक्त बनाने के लिए प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के लिए काम करते हैं। कुलसचिव डॉ.आर.के.सोनवणे  ने इस एमओयू के बारे में बताया कि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत  छात्र-छात्राओं एवं प्रदेश के पशुपालकों तथा किसानों को इस अनुबंध से लाभ प्राप्त होगा।